हल्द्वानी: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ऋषिकुल योगपीठ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय महाशिखर सम्मेलन में हल्द्वानी की 8 वर्षीय हर्षिका रिखाड़ी ने योग के क्षेत्र में एक बार फिर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए योग रत्न सम्मान प्राप्त किया। देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के बीच हर्षिका ने अपनी आर्टिस्टिक योग प्रस्तुति से दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया और बेस्ट योग परफॉर्मेंस का अवॉर्ड भी अपने नाम किया।
हर्षिका को ‘रबर डॉल’ के नाम से जाना जाता है। इससे पहले उन्हें पिछले वर्ष दिल्ली में भी योग रत्न सम्मान से नवाजा गया था। हर्षिका हल्द्वानी के एक निजी स्कूल में कक्षा 4 की छात्रा हैं और पढ़ाई के साथ-साथ योग और जिम्नास्टिक में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, स्कूल प्रशासन और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है।
हर्षिका के साथ उनके पिता भुवन रिखाड़ी को भी सम्मानित किया गया। हर्षिका अब तक योग के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर 30 से अधिक मेडल और ट्रॉफी जीत चुकी हैं, जिनमें 15 गोल्ड मेडल शामिल हैं। वे मात्र 8 वर्ष की उम्र में छह बार राष्ट्रीय स्तर पर योग प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कई पुरस्कार जीत चुकी हैं।
इसके अलावा हर्षिका ने दिल्ली में इंडिया प्राउड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, मैजिक बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, स्वर्ण भारत सम्मान, तथा लखनऊ में खेल रत्न सम्मान जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्राप्त किए हैं। योग के साथ-साथ वे जिम्नास्टिक में भी लगातार प्रशिक्षण ले रही हैं।
