हल्द्वानी। नैनीताल जिले के भीमताल और ओखलकांडा क्षेत्र की जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। लंबे समय से खराब सड़कों की शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई न होने पर राज्य आंदोलनकारी एवं कांग्रेस नेता हरीश पनेरु के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के कैंप कार्यालय का घेराव कर विरोध जताया। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया, लेकिन एसडीएम हल्द्वानी राहुल शाह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और उनकी समस्याओं को सुना।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कें बदहाली का शिकार हैं। आवागमन बाधित होने के साथ ही बीमारों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। हरीश पनेरु ने कहा कि तीन वर्ष पहले काठगोदाम से ओखलकांडा को जोड़ने वाली सड़क का निरीक्षण किया गया था, लेकिन आज भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। कई सड़कों में बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।
विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कमिश्नर कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। एसडीएम राहुल शाह ने मौके पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बुलाकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि ओखलकांडा क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत जल्द शुरू की जाएगी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
हरीश पनेरु ने कहा कि जनता में सरकार और व्यवस्था के खिलाफ गहरा असंतोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोग और बड़े आंदोलन के लिए मजबूर हो सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने और मरम्मत कार्य में सहयोग देने की अपील की है।
