देहरादून: बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बागान इलाके में 20 वर्षीय युवती विशाखा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस को मौके पर अहम सुराग मिले हैं। युवती की शिनाख्त विशाखा के रूप में हुई है। पुलिस का शक उसके ही बड़े भाई विशाल पर है, जो घटना के बाद से फरार चल रहा है। पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बीती 22 सितंबर को बसंत विहार थाना क्षेत्र के चाय बागान इलाके में युवती की लाश मिली थी। शव बोरे के कट्टे में बंद था जबकि सिर कट्टे से बाहर था। शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था। लाश मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू की।
युवती की मां अस्पताल में भर्ती हैं और पिता लकवाग्रस्त होने के कारण बिस्तर पर हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और युवती के बारे में जानकारी जुटाई। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के मुताबिक, युवती का नाम विशाखा था और वह प्रेमनगर की रहने वाली थी। परिवार काफी कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहा है।
विशाखा की मां ने बताया कि उनका बड़ा बेटा विशाल नशे का आदी है। विशाल ने अस्पताल में भर्ती मां को सुबह 4 बजे फोन किया और कहा कि “बहन कहीं चली गई है, किसी को बताना नहीं।” इसके कुछ समय बाद सुबह 10 बजे पता चला कि उनकी बेटी का शव जंगल में मिला है। घटना के बाद विशाल फरार हो गया।
विशाखा पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही थीं और घर की सबसे जिम्मेदार सदस्य थीं। घर का सहारा देने की कोशिश करती थीं, लेकिन उनके बड़े भाई की नशे की आदतों के कारण उनके बीच अक्सर अनबन रहती थी। पुलिस का मानना है कि संभवत: दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई होगी, जिसके बाद तैश में विशाल ने हत्या की।
पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया युवती की हत्या गला दबाकर की गई प्रतीत होती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। युवती के मंझले भाई रोहित कुमार ने इस संबंध में बसंत विहार थाने में तहरीर दी है। इसके आधार पर पुलिस ने विशाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
