
Oplus_131072
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। अरौल थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोर को उसके ही दो दोस्तों ने खौफनाक तरीके से मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने मासूम को बहला-फुसलाकर खंडहर में ले जाकर उसके साथ कुकर्म किया। जब उसने विरोध किया, तो दरिंदों ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद सिर पर लोहे की रॉड से कई वार किए और पूरे शरीर को पेचकस से गोद दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक, किशोर के शरीर पर 90 से ज्यादा चोटों के निशान पाए गए। उसकी हड्डियां तक तोड़ दी गई थीं और गुप्तांग पर भी हमला किया गया था। पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टरों ने कहा कि उन्होंने इतनी बर्बरता पहले कभी नहीं देखी।मासूम की हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके मोबाइल से उसके पिता को 10 लाख रुपये फिरौती का मैसेज भेजा। लेकिन पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली।
किशोर की हत्या में शामिल दोनों आरोपियों अजहर उर्फ अज्जू और नजर अली उर्फ हुसैनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस अब तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।इस नृशंस हत्या के बाद पूरे गांव में आक्रोश है। परिजनों ने आरोपियों को फांसी देने की मांग की है। पुलिस ने हत्या, कुकर्म और साजिश की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।