जसपुर: गणेश विसर्जन के मौके पर मंगलवार को गंगा में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के भूतपुरी गंगा घाट पर हुआ। हादसे के शिकार दोनों भाई उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर के मोहल्ला नत्था सिंह निवासी थे।
जानकारी के अनुसार करन सिंह के बेटे धर्मेंद्र कुमार (36) और विजेंद्र सिंह (34) मूर्ति विसर्जन के दौरान करीब 100 लोगों की मौजूदगी में गहरे पानी में उतर गए। इस दौरान दोनों तेज धारा की चपेट में आकर लापता हो गए।
सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन देर रात तक दोनों भाइयों का कोई पता नहीं चल सका। हादसे के बाद गंगा तट पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अफजलगढ़ थाना प्रभारी सुमित राठी ने बताया कि डूबने वाले दोनों सगे भाई हैं और उनकी तलाश लगातार जारी है।
