टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है। ऋषिकेश से गंगोत्री जा रहा कांवड़ियों से भरा एक ट्रक टिहरी जिले के जाजल–फकोट के बीच अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक में सवार 15 कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह दुर्घटना ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुई जब ट्रक का चालक अचानक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक तेज रफ्तार में था और खाई की ओर झुकते हुए सड़क किनारे पलट गया। संयोगवश ट्रक खाई में गिरने से पहले ही अटक गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
राहत-बचाव कार्य में जुटी पुलिस व SDRF
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से युद्धस्तर पर राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। जेसीबी मशीन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सीधा किया गया। सभी घायलों को नरेंद्र नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
हादसे के वक्त ट्रक से चीख-पुकार की आवाजें सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और घायलों को निकालने में मदद की। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ट्रक खाई में गिर जाता, तो यह हादसा जानलेवा हो सकता था पुलिस ने ट्रक चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। अभी तक ब्रेक फेल या तेज रफ्तार को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
