हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव के दौरान शुक्रवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। चुनावी जुलूस के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
जानकारी के अनुसार, नैनीताल रोड पर जुलूस निकालते समय एबीवीपी और एनएसयूआई समर्थक आमने-सामने आ गए। इस दौरान धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी को हल्की चोट लग गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को काबू में किया। प्रशासन ने अपील की है कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से कराए जाएं।
इधर, छात्रसंघ चुनाव में मतदान शुरू होते ही फर्जी वोटिंग का मामला भी सामने आया। बताया गया कि एक छात्र नकली आई-कार्ड के साथ पकड़ा गया। एनएसयूआई अध्यक्ष पद के प्रत्याशी कमल बोरा की शिकायत पर जांच की गई, जिसमें आई-कार्ड फर्जी पाया गया। इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अब कॉलेज प्रशासन ने प्रत्येक मतदाता का आई-कार्ड स्कैन कर सत्यापन शुरू कर दिया है। वहीं, घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा और भी कड़ी कर दी गई है।
एनएसयूआई प्रत्याशी कमल बोरा का कहना है कि यदि चुनाव में धांधली की गई तो वे आमरण अनशन पर बैठेंगे। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान ने स्पष्ट किया कि मतदान भारी सुरक्षा के बीच कराया जा रहा है और फर्जी वोटिंग या हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
