हरिद्वार : हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते पिता ने अपने बेटे की हत्या कर दी। घटना रांघढ़वाला गांव की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और आरोपी पिता की तलाश शुरू कर दी है।
शुक्रवार को घसीटा नामक व्यक्ति का अपने 35 वर्षीय बेटे सन्नी से झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर पिता ने नुकीले हथियार से बेटे पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई।
पड़ोसियों के अनुसार सन्नी शराब पीने का आदी था और इसी बात को लेकर अक्सर पिता से कहासुनी होती रहती थी। मृतक तीन बच्चों का पिता था।
वारदात की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पिरान कलियर रविंद्र कुमार, एसएसआई बबलू चौहान और धनौरी चौकी प्रभारी पुष्कर सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। बाद में एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल और सीओ रुड़की नरेंद्र पंत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी पिता की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
