नैनीताल जिले के रामगढ़ ब्लॉक में स्थित ढोकाने जलप्रपात में रविवार को एक दुखद हादसा हो गया। अल्मोड़ा जिले के पहल खत्याड़ी निवासी 16 वर्षीय प्रियांशु कनवाल अपने दो दोस्तों के साथ जलप्रपात में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में डूबने लगा।
साथी युवकों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिसे सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मिलकर उसे पानी से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही क्वारब पुलिस और राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
प्रियांशु को तत्काल सीएचसी सुयालबाड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी प्रियांशु के परिजनों को दे दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
