हल्द्वानी: भीमताल मार्ग पर एचएमटी के निकट गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक युवक पवन कुमार (26 वर्ष) का गुरुवार को ही जन्मदिन था, लेकिन इसी दिन उसकी जिंदगी का सफर थम गया।
जानकारी के अनुसार, रामगढ़ ब्लॉक के हरतोला सतुपरी निवासी पवन कुमार बीएसएनएल के वेंडर के रूप में केबल लाइन बिछाने और वाई-फाई नेटवर्क से जुड़े कार्य करता था। गुरुवार रात वह अपने दोस्त मोहित कुमार (35 वर्ष) के साथ भीमताल से हल्द्वानी लौट रहा था।
एचएमटी के पास पानी के धारे के निकट उनकी बाइक को एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया।
काठगोदाम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि इलाज के दौरान पवन कुमार की मृत्यु हो गई, जबकि मोहित का उपचार जारी है।
पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
