नैनीताल: नैनीताल की खतरनाक पहाड़ियों में घूमने गए छात्रों में से एक युवक के लापता होने से हड़कंप मच गया। दोस्तों की सूचना पर एसडीआरएफ, वन विभाग, दमकल विभाग और मल्लीताल पुलिस की टीमें तुरंत सर्च ऑपरेशन में जुट गईं। लगभग 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने छात्र जयस को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
रुद्रपुर से नैनीताल घूमने आए छह स्कूली छात्रों ने मंगलवार दोपहर नयना पीक और कैमल्स बैक जाने का प्लान बनाया। वापसी के दौरान ग्रुप में पहले पहुंचने को लेकर छात्रों में आपस में रेस लग गई। इसी दौरान दो छात्र रास्ते में पीछे रह गए, जिनमें से 17 वर्षीय जयस अचानक गलत दिशा में भटक गया।
ग्रुप के अन्य छात्र कैमल्स बैक तक तो पहुंच गए, लेकिन जयस कहीं ओझल हो गया। दोस्तों ने उसे फोन किया तो पता चला कि वह किसी झरने की ओर निकल गया है। थोड़ी देर बाद उसका फोन बैटरी खत्म होने से बंद हो गया। काफी देर तलाशने के बाद छात्र सूरज और अन्य दोस्त सुरक्षित जगह पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी देने पहुंचे।
रात होते ही पुलिस, फायर विभाग और वन विभाग की टीमें टॉर्च और उपकरणों के साथ घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन में लग गईं। सुबह ऑपरेशन फिर शुरू किया गया और इस बार एसडीआरएफ भी टीम के साथ जुड़ गई।
बेतालघाट, रातिघाट, गैरीखेत और पिटरिया के रास्तों पर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों और वन विभाग ने भी रातभर बचाव कार्य में पूरा सहयोग दिया। अंततः लगभग 20 घंटे बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने छात्र जयस को जंगलों से सकुशल बरामद कर लिया।
