हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने के बाद उत्पन्न तनाव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 40 से 50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा बनभूलपुरा एसओ सुशील जोशी की तहरीर पर दर्ज किया गया है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।
कैसे भड़का विवाद?
रविवार देर शाम उजाला नगर के अलीगढ़ पब्लिक स्कूल गेट के पास प्रतिबंधित पशु का अवशेष मिलने की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और हंगामा शुरू हो गया। बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की।
जब पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की तो उसमें एक कुत्ता प्रतिबंधित पशु का अवशेष मुंह में लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने लोगों को जानकारी दी और मामले में शिकायत पत्र लेकर कार्रवाई शुरू की। बावजूद इसके, कुछ उपद्रवियों ने दुकानों पर पथराव किया और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस को बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा।
दो मुकदमे दर्ज, आरोपियों की पहचान जारी
पहले मुकदमे में 40–50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ पथराव और उपद्रव फैलाने पर FIR दर्ज की गई है।
दूसरा मुकदमा हिंदूवादी नेता रविंद्र गुप्ता की तहरीर पर प्रतिबंधित पशु अवशेष मिलने के आरोप में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया गया है।
सोमवार सुबह फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा किए गए। पुलिस CCTV फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि फिलहाल हल्द्वानी में स्थिति पूरी तरह शांत है। अतिरिक्त पुलिस फोर्स, PAC और खुफिया तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है। किसी भी उपद्रवी या अफवाह फैलाने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शांति बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर भरोसा न करें।
