हल्द्वानी: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जनपद में बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में 09 सितंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक नगर श्री प्रकाश चन्द्र के मार्गदर्शन तथा सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल और सीओ रामनगर सुमित पाण्डे के पर्यवेक्षण में हल्द्वानी क्षेत्र में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया गया।
प्रमुख कार्रवाइयाँ:
अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी राजेश यादव, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा सुशील कुमार, थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा और थानाध्यक्ष मुखानी दिनेश जोशी ने किया।
थाना बनभूलपुरा सहित अन्य थानों व पीएसी/आईआरबी की संयुक्त टीमों ने अभियान में हिस्सा लिया।
लगभग 1050 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया तथा करीब 1400 लोगों से पूछताछ की गई।
चालानी कार्यवाही:
किरायेदारों का सत्यापन न कराने पर 17 मकान मालिकों के खिलाफ 83 पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई, जिनसे कुल ₹1,70,000 जुर्माना वसूला गया।
अनियमितताओं के आधार पर 24 व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान, जिससे ₹6,000 जुर्माना वसूला गया।
अभियान में कुल 41 चालान कर ₹1,76,000 जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान बाहरी व्यक्तियों व मकान मालिकों को निर्देश दिया गया कि किरायेदारों का सत्यापन तत्काल कर थाने में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। अभियान निरंतर जारी रहेगा और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है।
