नैनीताल। नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए न सिर्फ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है, बल्कि अब उसके अवैध निर्माण पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर पालिका प्रशासन ने आरोपी को उसके निर्माण को लेकर नोटिस जारी कर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा है कि उत्तराखंड में बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संदेश दिया कि कानून व्यवस्था और सामाजिक संतुलन को बिगाड़ने वालों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है। इसी क्रम में नैनीताल प्रशासन ने आरोपी की संपत्ति पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी पहले से ही जेल में बंद है। नगर पालिका की जांच में पाया गया कि आरोपी द्वारा कब्जाई गई भूमि वन विभाग की है और वहां बिना अनुमति के निर्माण किया गया है। इसी आधार पर नगर पालिका ने साफ निर्देश दिए हैं कि उक्त निर्माण पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती पर आम जनता और कई सामाजिक संगठनों ने संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड में अपराधियों को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।