नैनीताल: बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में आगामी 02 दिसंबर 2025 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय आना है। फैसले से पहले जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और सभी विभागों के साथ समन्वय बढ़ाया जा रहा है।
शनिवार को जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय भवन सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे विभाग, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, वन विभाग, यूपीसीएल एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए। डीएम ने सभी विभागों को आगामी स्थिति के अनुरूप पूर्ण तैयारी रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद SSP नैनीताल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध आयुध, भीड़ जुटाने, सरकारी कार्य में बाधा डालने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थानों को सघन चेकिंग, सत्यापन अभियान, फ्लैग मार्च और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर भी कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
SSP ने बताया कि नैनीताल पुलिस पर्याप्त फोर्स, बॉडी प्रोटेक्टर, हेलमेट, डंडे और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ किसी भी परिस्थिति के लिए पूर्णतया तैयार है।
RPF भी क्षेत्र में विशेष निगरानी रखेगी और सरकारी कार्य में बाधा देने या जब्ती की कार्रवाई में दखल देने वालों पर त्वरित कार्रवाई करेगी।
अंत में SSP ने जनता से शांति बनाए रखने और सुप्रीम कोर्ट के आने वाले निर्णय का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आदेश के पालन में प्रशासन का सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है।
