
भीमताल। भीमेश्वर महादेव सेवा समिति की संस्थापक एडवोकेट सुनीता पांडेय ने नाराजगी जताते हुए कहा कि भीमताल स्थित सरस्वती पांडेय राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान विषय के लिए अध्यापक की कमी थी। अध्यापक की कमी होने से छात्राओं की पढ़ाई में व्यवधान हो रहा था। जिस पर समिति ने विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए स्कूल में जीव विज्ञान विषय की अध्यापिका की व्यवस्था स्वयं की। इतना ही नहीं बल्कि समिति द्वारा लगातार 6 महीने से स्वयं उन्हें वेतन दिया जा रहा है।
इस मामले में समिति के लोगों ने क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा से भी वार्ता कर की और विद्यालय की प्रधानाध्यापिका से फ़ोन पर बात करवाकर भी समस्या से अवगत कराया था। जिस पर विधायक द्वारा आश्वाशन दिया गया कि इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। वहीं उच्चाधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया था। लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही और अभी तक अध्यापकों की व्यवस्था नहीं की गईं है। सुनीता पांडेय ने कहा कि आखिर कब तक समिति अध्यापक का खर्चा उठाएगी।