नैनीताल: उत्तराखंड में जमीन और आवासीय संपत्तियों की कीमतें अब और बढ़ गई हैं। रविवार से राज्य भर में नए सर्किल रेट लागू कर दिए गए हैं। अधिकांश जिलों में सर्किल रेट 22% तक बढ़ाए गए हैं, जबकि नैनीताल में विशेष क्षेत्रों में 50% तक की बढ़ोतरी हुई है।
नैनीताल में मॉल रोड कुमाऊं का सबसे महंगा क्षेत्र बन गया है। बोट स्टैंड से एसबीआई तक भूखंड की कीमतें 1 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये कर दी गई हैं। इसी तरह फ्लैट/आवास की दरें 1,12,000 से बढ़ाकर 1,64,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर हो गई हैं।
हल्द्वानी में भी सर्किल रेट बढ़े हैं। नैनीताल रोड के मंगल पड़ाव क्षेत्र में शून्य से 50 मीटर दूरी तक के भूखंड का रेट 50,000 रुपये से बढ़ाकर 75,000 रुपये किया गया, जबकि 50 से 200 मीटर दूरी वाले भूखंड का रेट 36,000 से बढ़ाकर 40,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर किया गया। तहसील से ऊपर की ओर भी जमीन के दामों में बढ़ोतरी हुई है।
ऊधमसिंह नगर जिले में भी 22 से 25% तक की बढ़ोतरी हुई है। नैनीताल में मॉल रोड और इसके आसपास के इलाकों में सर्किल रेट में 50% तक वृद्धि हुई है। इसके अलावा झील और हिमालयन वैली क्षेत्रों में भूखंड और आवास की दरों में 40% तक बढ़ोतरी की गई है। 200 मीटर से अधिक दूरी वाले क्षेत्रों में सामान्यतः 20% वृद्धि लागू की गई है।
नैनीताल का नया सर्किल रेट (2025) – कुछ प्रमुख क्षेत्रों की दरें:
स्थान प्रकार 2023 (रुपये/वर्ग मीटर) 2025 (रुपये/वर्ग मीटर)
मॉल रोड (बोट स्टैंड – एसबीआई) भूखंड 1,00,000 1,50,000
मॉल रोड (बोट स्टैंड – एसबीआई) फ्लैट/आवास 1,12,000 1,64,000
इंदिरा मार्केट (जय लाल साह बाजार) भूखंड 80,000 1,20,000
इंदिरा मार्केट (जय लाल साह बाजार) फ्लैट/आवास 92,000 1,34,000
तल्लीताल डांठ – धर्मशाला भूखंड 70,000 1,00,000
तल्लीताल डांठ – धर्मशाला फ्लैट/आवास 82,000 1,14,000
रैमजे अस्पताल एवं समीपवर्ती क्षेत्र भूखंड 22,000 35,000
रैमजे अस्पताल एवं समीपवर्ती क्षेत्र फ्लैट/आवास 34,000 49,000
कृष्णापुर क्षेत्र भूखंड 8,000 11,000
कृष्णापुर क्षेत्र फ्लैट/आवास 20,000 49,000
भीम सिंह बिष्ट, प्रभारी उप निबंधक, नैनीताल ने बताया कि:-
नई दरों का उद्देश्य रियल एस्टेट बाजार में पारदर्शिता लाना और सरकारी राजस्व में वृद्धि करना है।
