
नैनीताल: जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान राजनीतिक माहौल गरमा गया। कांग्रेस नेताओं पर चुनाव को प्रभावित करने के लिए भड़काऊ बयानबाजी, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगे हैं। भाजपा नेता नितिन कार्की ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को पत्र लिखकर आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कार्की ने अपने पत्र में कहा कि 14 अगस्त 2025 को हुए चुनाव में कांग्रेस के बड़े नेता और विधायकों ने सरकार, पुलिस, प्रशासन और भाजपा पदाधिकारियों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियाँ कीं। उनके अनुसार, कई नेताओं के अभद्र बयान सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपा दरम्वाल द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर न्यायहित में कार्रवाई होनी चाहिए।
इस मामले पर विधायक सरिता आर्या ने कहा कि कांग्रेस नेता लखन सिंह द्वारा मुख्यमंत्री को लेकर की गई टिप्पणी बेहद निंदनीय है। “मुख्यमंत्री समस्त उत्तराखंड की जनता के प्रतिनिधि हैं, उनके लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल अशोभनीय है।”
इधर, विधायक सुमित हृदेश पर भी गंभीर आरोप लगे हैं कि उन्होंने जिला पंचायत सदस्यों को 10 दिन तक अपने कब्जे में रखा और उनके प्रमाणपत्र भी छीन लिए। इस पर जांच की मांग की जा रही है।
घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। मंडल अध्यक्ष, महिला मोर्चा, परिषद सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।