नैनीताल: भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत सूर्यागांव के तोक सूर्याजाला में बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद वन विभाग पूरी तरह हरकत में आ गया है। शुक्रवार शाम घास लेने गई हंसी देवी पर वन्यजीव ने हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।
शनिवार को गमगीन माहौल में महिला का अंतिम संस्कार किया गया। मौके पर पहुंचे डीएफओ आकाश गंगवार ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।
घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए तीन पिंजरे लगाए हैं और करीब 25 ट्रैप कैमरे भी इंस्टॉल किए गए हैं, ताकि हमलावर वन्यजीव की पहचान की जा सके। इसके साथ ही टैंकुलाइज (बेहोश कर पकड़ने) के लिए डॉक्टरों की टीम भी तैनात कर दी गई है।
वन विभाग ने हमले की सटीक जानकारी जुटाने के लिए डीएनए सैंपल जांच के लिए देहरादून भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हमला बाघ ने किया या तेंदुए ने।
इलाके में 50 से अधिक वन कर्मियों की टीम लगातार गश्त कर रही है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए विभाग की ओर से चारे की व्यवस्था की गई है और सोलर लाइटें भी लगाई जा रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बाघ और तेंदुए की आवाजाही पहले से ही बनी हुई है, लेकिन इस पर समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। वहीं, जनप्रतिनिधियों ने भी वन विभाग से जल्द से जल्द आदमखोर को पकड़ने की मांग की है और तब तक गश्त जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
डीएफओ आकाश गंगवार ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाएं और सतर्क रहें।
