नैनीताल : दिल्ली धमाके की घटना के बाद नैनीताल पुलिस पूर्ण रूप से हाई अलर्ट पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।
जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनपद के समस्त अन्तर्जनपदीय बॉर्डर बैरियरों पर संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और वस्तुओं की गहन जांच की जा रही है।
सुरक्षा की दृष्टि से बीडीएस टीमों द्वारा सभी संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थलों की गहराई से जांच की जा रही है। हल्द्वानी में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के नेतृत्व में तथा एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल की मौजूदगी में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
वहीं नैनीताल में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अमित कुमार, रामनगर में क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे और लालकुआं में क्षेत्राधिकारी दीपशिखा अग्रवाल की अगुवाई में पुलिस बल ने अपने-अपने क्षेत्रों में भव्य फ्लैग मार्च निकालकर आम जनता में सुरक्षा का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च से पहले सभी पुलिस बल को सतर्कता बरतने और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही पुलिस द्वारा होटलों, ढाबों, फड़-फेरी वालों और किरायेदारों के सत्यापन अभियान को भी तेज किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक या संदिग्ध गतिविधि पर पूर्ण नियंत्रण रखा जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने स्पष्ट कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था को भंग करने का प्रयास करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नैनीताल पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
