
नैनीताल।नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया (एनयूजेआई) की प्रदेश इकाई ने संगठन को मजबूत करने के लिए जिले में नई जिम्मेदारियों का ऐलान किया है। वरिष्ठ पत्रकार अफजल हुसैन फौजी को जिलाध्यक्ष और राजू पांडे को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों के साथ जिले में पत्रकारों को और अधिक सशक्त करने के लिए संगठन के विस्तार की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
एनयूजेआई के प्रदेश अध्यक्ष सुनील पांडे और प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन जोशी ने मनोनयन पत्र जारी कर दोनों वरिष्ठ पत्रकारों को नई जिम्मेदारी सौंपने की घोषणा की। जल्द ही जिले में संगठन की पूर्ण कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिससे पत्रकारों की आवाज को और मजबूती मिलेगी।
राजू पांडे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में दो दशक से अधिक समय से सक्रिय हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखते हैं। वहीं, अफजल हुसैन फौजी इससे पहले नैनीताल नगर में यूनियन के अध्यक्ष पद पर रह चुके हैं और अपने कुशल नेतृत्व से संगठन को मजबूती प्रदान कर चुके हैं।
शहर के पत्रकारों ने दोनों वरिष्ठ पत्रकारों की नियुक्ति पर खुशी जताई और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में पत्रकारों को एक सशक्त मंच मिलेगा।