नैनीताल:भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड, विशेषकर जनपद नैनीताल में अगले 24 घंटों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रखा है।
जिला मजिस्ट्रेट वंदना ने सड़क निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि मार्ग बंद होने पर जल्द से जल्द खोलकर यातायात सुचारु किया जाए। सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और ग्राम स्तर के अधिकारियों को अपने क्षेत्र में मौजूद रहकर आपदा की स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य करने और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने के आदेश दिए गए हैं।
मार्ग में फंसे लोगों के सुरक्षित निकासी, भोजन व आवास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। विद्यालयों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
आपदा नियंत्रण कक्ष के संपर्क नंबर
दूरभाष: 05942-231178
टोल फ्री: 1077
मैदानी कार्रवाई
सोमवार सुबह एनएच अल्मोड़ा मार्ग विशाल पत्थर गिरने से बाधित हुआ, जिसे जेसीबी की मदद से खोल दिया गया।,हल्द्वानी में नगर आयुक्त ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर लाउडस्पीकर से चेतावनी प्रसारित कराई, खैरना-बेतालघाट मार्ग पर मलबा आने पर एसडीएम मोनिका ने निरीक्षण कर मार्ग खोलने के निर्देश दिए, भूमियाधार के भूस्खलन प्रभावित खूपी गांव में एसडीएम नवाजिस खलिक ने निरीक्षण कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर ही सफर करें और नदी-नालों के पास न जाएं।

