रुद्रपुर: रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कौशल्या कॉलोनी में मंगलवार को एक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 52 वर्षीय सुषमा पंत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अल्मोड़ा की रहने वाली थीं और वर्तमान में कौशल्या फेस-2 में रहती थीं। वह किच्छा के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। बताया जा रहा है कि सुषमा घर में अकेली रहती थीं। उनके साथ यूपी निवासी अजय मिश्रा पिछले 14 से 15 साल से केयरटेकर के रूप में रह रहा था। अजय मिश्रा दक्ष चौराहे पर एक होटल चलाता है।
मंगलवार सुबह सुषमा घर पर ही थीं जबकि अजय सुबह करीब सवा सात बजे मुख्य गेट पर ताला लगाकर होटल चला गया। इस दौरान सुषमा ने घर के बाहर से पूजा के लिए गुलाब के फूल तोड़े थे। दोपहर में जब अजय वापस घर लौटा तो उसने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा धक्का देने पर अंदर से सुषमा की जली हुई लाश दिखाई दी। यह दृश्य देखकर उसने शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थिति की जानकारी मिलते ही सोसायटी अध्यक्ष सुरेंद्र गंगवार ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर एसएसआई नवीन बुधानी, एसआई नवीन जोशी, एएसएसआई मोहन जोशी और फोरेंसिक टीम प्रभारी सत्य प्रकाश रायपा पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। स्थानीय लोगों ने अजय मिश्रा पर सुषमा को जलाकर मारने का आरोप लगाया है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अजय मिश्रा से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का।
