अल्मोड़ा: जनपद में गुमशुदा हुई एक नाबालिग किशोरी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा के गुरुग्राम से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार 27 जनवरी 2026 को राजस्व क्षेत्र के एक ग्रामीण ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की सूचना राजस्व पुलिस को दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए 29 जनवरी को विवेचना नियमित पुलिस को सौंपते हुए कोतवाली द्वाराहाट को स्थानांतरित कर दी गई। इसके बाद एसएसपी देवेंद्र पींचा के निर्देश पर किशोरी की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जांच शुरू की। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सर्विलांस की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस टीमें दिल्ली, गुरुग्राम और बिहार के सुपौल जिले के माधोपुर क्षेत्र में लगातार दबिश देती रहीं।
31 जनवरी को पुलिस को सफलता मिली, जब गुमशुदा किशोरी को गुरुग्राम से सकुशल बरामद कर लिया गया। मौके से खुशदिल (20 वर्ष), पुत्र मोहम्मद मुस्ताक, निवासी माधोपुर, थाना छातापुर, जिला सुपौल (बिहार) को गिरफ्तार किया गया। किशोरी को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
पीड़िता के बयान के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64 और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 जोड़ी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विवेचना जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में कोतवाली द्वाराहाट और एसओजी अल्मोड़ा की टीम शामिल रही।
