अल्मोड़ा/गुरुग्राम: मानेसर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती शादी तक तो पहुंच गई, लेकिन महज 9 महीने बाद यह रिश्ता खौफनाक अंजाम तक जा पहुंचा। नाहरपुर कासन गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक मृतका निशा (निवासी बोडेसेना गांव, अल्मोड़ा) और आरोपी पति राजेंद्र खापली (खेत गांव, अल्मोड़ा) की मुलाकात इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा और दिसंबर 2024 में उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद से दोनों गुरुग्राम के मानेसर इलाके में रह रहे थे।
विवाद ने लिया खौफनाक मोड़
पुलिस जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। गुरुवार को झगड़ा इतना बढ़ गया कि निशा ने गुस्से में पति पर चिमटा चलाने की कोशिश की। इस पर राजेंद्र ने बेलन उठाकर पत्नी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। चोट लगते ही निशा गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी ने चुन्नी से गला दबाकर उसकी सांसें हमेशा के लिए रोक दीं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति राजेंद्र को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों को समझने की कोशिश कर रही है।
