देहरादून: राजधानी देहरादून के थानो रेंज में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जंगल मार्ग से स्कूटी पर गुजर रहे परिवार पर हाथी ने हमला कर 12 वर्षीय बच्चे की जान ले ली। मानव-वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते मामलों के बीच राजधानी से लगे इस क्षेत्र में हुई यह घटना वन विभाग के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।
जानकारी के अनुसार जॉलीग्रांट क्षेत्र के कोठारी मोहल्ला निवासी दंपत्ति अपने बेटे के साथ स्कूटी पर थानो रेंज से गुजर रहे थे। शाम के समय जैसे ही परिवार जंगल के बीच पहुंचा, एक हाथी अचानक स्कूटी के पास आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथी ने बच्चे को अपनी सूंड से उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे के माता-पिता किसी तरह जान बचाकर जंगल से बाहर निकल पाए।
घटना के बाद स्थानीय लोग और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि इलाके में पिछले दिनों से एक हथिनी अपने शावक के साथ घूम रही थी। हथिनी अक्सर अत्यधिक संवेदनशील होती है और किसी भी हलचल पर आक्रामक प्रतिक्रिया दे सकती है। घटना के बाद हथिनी का वहीं पर काफी देर तक ठहरना स्थिति की गंभीरता को और बढ़ा गया, जिसके कारण घायल बच्चे को अस्पताल ले जाना भी बेहद मुश्किल हो गया।
सूचना मिलते ही देहरादून के डीएफओ नीरज शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में हथिनी की मूवमेंट पर निगरानी रखी जा रही है और स्थानीय लोगों व वाहन चालकों को जंगल मार्ग से न गुजरने की सख्त सलाह दी गई है। वन विभाग का कहना है कि हथिनी इस समय अपने शावक की सुरक्षा के चलते अत्यधिक आक्रामक व्यवहार दिखा रही है।
लगातार बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को देखते हुए विभाग ने इलाके में पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। अधिकारियों ने विशेषकर शाम के समय जंगल के रास्तों से गुज़रने पर रोक लगाने और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।
