काशीपुर बीती देर रात काशीपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने तमंचा और कारतूस के साथ दबोच लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए काशीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कुंडेश्वरी खरमासा क्षेत्र से अचार फैक्ट्री की ओर भाग रहे दो संदिग्धों को पुलिस ने घेराबंदी कर रोकने की कोशिश की। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। दूसरा बदमाश मौके से भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काव्य शर्मा पुत्र स्व. सुनील कुमार शर्मा निवासी ढकिया और राघव मिश्रा उर्फ निखिल पुत्र राजेश मिश्रा निवासी सुभाष नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि 21 अगस्त को उन्होंने पूर्व ग्राम प्रधान श्याम सिंह पर पुरानी रंजिश के चलते गोली चलाई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि काव्य शर्मा का आपराधिक इतिहास है। उसका भाई कार्तिक शर्मा फरवरी 2024 में हुए दोहरे हत्याकांड में जेल जा चुका है। वहीं काव्य शर्मा पर पहले भी हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है और उसका मामा भी इसी अपराध में जेल जा चुका है।
मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए।
