प्रतीकात्मक तस्वीर.
हल्द्वानी: लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के चोरगलिया थाना अंतर्गत गौलापार के जगतपुरा इलाके में जंगल के भीतर सड़ा-गला शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार, जंगल में काम कर रहे एक मजदूर ने शव पड़े होने की सूचना दी थी। इसके बाद चोरगलिया थाना पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से जंगल में सर्च अभियान चलाया गया, जहां सड़ी-गली हालत में शव बरामद हुआ।
शव काफी समय पुराना बताया जा रहा है और डिकंपोज हो चुका है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि शव को किसी वन्यजीव ने नुकसान पहुंचाया हो। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
