हल्द्वानी: उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में शनिवार को हल्द्वानी स्थित इंपीरियम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित आंचल मैराथन दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य की खेल मंत्री रेखा आर्या ने सम्मानित किया।
इस प्रतियोगिता का आयोजन नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान किए।
खेल मंत्री ने कहा कि मैराथन सिर्फ खेल नहीं, बल्कि यह हमें फिटनेस, निरंतर परिश्रम और हर परिस्थिति में उम्मीद बनाए रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने युवाओं से कहा कि इन गुणों को अपनाकर वे प्रदेश और देश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को हर स्तर पर समर्थन दे रही है। राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को “आउट ऑफ टर्न” सरकारी नौकरी दी जा रही है तथा अन्य सरकारी नौकरियों में 4% आरक्षण की सुविधा भी प्रदान की गई है।
प्रतियोगिता में बालक वर्ग में नीरज नेगी और बालिका वर्ग में पूजा बिष्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दूसरे स्थान पर मेघा गोस्वामी और तुषार रहे, जबकि तीसरे स्थान पर अनु भट्ट और सौरभ रावत ने स्थान हासिल किया।
मुख्य अतिथि रेखा आर्या ने सभी विजेताओं को पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुमका, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पान सिंह मेवाड़ी, गोपाल सिंह गंगोला, लीला बिष्ट, त्रिलोक सिंह, प्रकाश गाजुला, दीपा रैक्वाल, गोविंद मेहता, दीपा बिष्ट, अशोक जोशी सहित अनेक गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।


