अल्मोड़ा: महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को अल्मोड़ा जिले की चयनित 562 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। यह आयोजन हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम सभागार में किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी का काम सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि समाजसेवा का एक सुनहरा मौका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पहली बार ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत भर्ती की गई और यह पूरी प्रक्रिया मात्र 3 महीने में पूरी की गई।
प्रदेश में कुल 7052 पदों पर भर्ती की गई है, जिसमें से अल्मोड़ा जिले में 50 कार्यकत्रियों और 512 सहायिकाओं को नियुक्ति दी गई है। मंत्री ने कहा कि अब विभाग में उच्च शिक्षित महिलाएं आ रही हैं, जिससे विभाग की कार्यक्षमता में इजाफा होगा।
रेखा आर्या ने यह भी निर्देश दिए कि जिले में बची हुई 800 से अधिक रिक्तियों को जल्द भरने की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि सभी केंद्रों पर सेवाएं सुदृढ़ की जा सकें।

