भद्रवाह/जम्मू: जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास सेना का एक वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में 10 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 जवान घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक सेना का बुलेटप्रूफ वाहन ऊंचाई पर स्थित एक चौकी की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी करीब 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 21 जवान सवार थे।
भद्रवाह की ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. वर्षा शर्मा ने बताया कि हादसे में 10 जवानों की मौत हुई है। 10 जवान गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है, जबकि एक जवान का इलाज भद्रवाह अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भद्रवाह अस्पताल पहुंचे। घायलों के इलाज और शिफ्टिंग की निगरानी की जा रही है। जीएमसी डोडा से डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस की टीम भी मौके पर भेजी गई। गंभीर रूप से घायल जवानों को हवाई मार्ग से उधमपुर स्थित सैन्य अस्पताल ले जाया गया है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि डोडा में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में 10 बहादुर जवानों की शहादत बेहद दुखद है। इस कठिन समय में पूरा देश शहीद जवानों के परिवारों के साथ खड़ा है। घायलों को सर्वोत्तम इलाज देने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने जान गंवाने वाले जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही बचाव कार्य में तेजी से काम करने वाली टीमों की सराहना की।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि घायल जवानों को कमांड अस्पताल उधमपुर में भर्ती कराया गया है और उन्हें हर संभव चिकित्सा सहायता दी जा रही है। उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
