देहरादून: उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश बाबा धीरेंद्र शास्त्री और प्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास ने राज्य की संस्कृति, आध्यात्मिकता और एकता की सराहना करते हुए इसे “भारत का शिखर” बताया।
बाबा धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि,
हमारा भारत अभूतपूर्व है। अनेक राज्यों में बंटा होने के बावजूद, यह देश धर्म और संस्कृति की डोर से एकजुट है। यदि किसी राज्य को भारत का शिखर कहा जाए, तो वह निश्चय ही उत्तराखंड है।
उन्होंने कहा कि यहां की नदियां एकता का प्रतीक हैं वे अलग-अलग बहती हैं, पर अंततः सिंधु में मिल जाती हैं, जैसे हमारी संस्कृतियां एक होकर भारत को एक सूत्र में पिरोती हैं।
बाबा ने उत्तराखंड आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को भी नमन किया।
वहीं, डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि समृद्धि को केवल धन या वैभव से नहीं, बल्कि प्रकृति की कृपा, धर्म की गरिमा, संस्कृति की उन्नति और पर्यावरण की शुद्धता से मापा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “यदि इन मानकों पर देखा जाए तो उत्तराखंड भारत का सबसे समृद्ध राज्य है।
कुमार विश्वास ने राज्य निर्माण में नारी शक्ति और युवाओं के योगदान की भी सराहना की और कहा कि आज उत्तराखंड एक दूरदर्शी और विनम्र नेतृत्व में विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दोनों ही हस्तियों ने उत्तराखंड के 25 वर्ष पूरे होने पर जनता और सरकार को बधाई दी तथा प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य के सांस्कृतिक व आर्थिक उत्थान की प्रशंसा की।
