हल्द्वानी: बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में आज 24 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट का बहुप्रतीक्षित फैसला आने जा रहा है। फैसले को लेकर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं। करीब 80 एकड़ रेलवे भूमि पर बसे हजारों लोगों के भविष्य का निर्णय आज तय होगा, जिसको देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
भारी पुलिस फोर्स तैनात
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अन्य जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया गया है। Provincial Armed Constabulary और India Reserve Battalion की कंपनियां भी शहर पहुंच चुकी हैं। सुरक्षा बलों को एलएमजी समेत आधुनिक हथियारों से लैस किया गया है ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सिटी मजिस्ट्रेट ए पी बाजपेई ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का सम्मान करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
रेलवे ने बनभूलपुरा क्षेत्र की करीब 30 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमित बताते हुए उसे खाली कराने की मांग की है। इस इलाके में लगभग 4365 भवन बने हुए हैं और यहां बड़ी आबादी निवास करती है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट का फैसला हजारों परिवारों की किस्मत तय करेगा।
संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि फैसला आने के बाद स्थिति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
