नैनीताल। नंदा महोत्सव की तैयारियां शुरू होते ही लापरवाही सामने आने लगी है। मंगलवार शाम मल्लीताल स्थित डीएसए मैदान में अस्थायी दुकानों का निर्माण कार्य चल रहा था, तभी मैदान के नीचे से गुजर रही पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। देखते ही देखते मैदान पानी से लबालब भर गया और अफरातफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर जल संस्थान के अवर अभियंता डीएस बिष्ट मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि यह पेयजल लाइन एडीबी परियोजना के तहत बिछाई गई थी। इसमें वेल्डिंग संभव नहीं है, इसलिए टूटा हुआ हिस्सा बदलना पड़ेगा। मरम्मत में समय लग सकता है।
बिष्ट का कहना है कि अस्थायी दुकानों के निर्माण से पहले ठेकेदार को पाइपलाइन की जानकारी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही बरती गई जिससे यह गड़बड़ी हुई।
इधर, स्थानीय निवासी राजेश ने नाराजगी जताते हुए कहा कि महोत्सव शुरू होने से पहले ही अगर पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई तो मेला क्षेत्र और आसपास के लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी।
