नैनीताल: आगामी विंटर कार्निवाल, नैनीताल महोत्सव, क्रिसमस पर्व, 31 दिसंबर और नववर्ष 2026 के दौरान सरोवर नगरी में बढ़ने वाली पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। सैलानियों को सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इन आयोजनों के दौरान नैनीताल में लाखों की संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने पूर्व में संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक कर नैनीताल, कैंचीधाम और भवाली क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने और सड़कों पर रखे अतिरिक्त निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 21 दिसंबर 2025 को प्रभारी निरीक्षक तल्लीताल हेम चंद्र पंत के नेतृत्व में मल्लीताल पुलिस द्वारा अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क पर बजरी और रेता फैलाकर यातायात में अनावश्यक अवरोध उत्पन्न करने वाले 4 ठेकेदारों और भवन स्वामियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 83 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए कुल 40 हजार रुपये के चालान किए गए।
इसके अलावा मॉल रोड और पोस्ट ऑफिस रोड के किनारे अनावश्यक रूप से खड़े 13 वाहनों का चालान कर 6,500 रुपये का संयोजन शुल्क जमा कराया गया। वहीं, 3 अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत भी चालानी कार्रवाई की गई।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना पुलिस की प्राथमिकता है। यातायात बाधित करने या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
