भवाली: कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने सोमवार को अपने क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान राज्य सरकार की प्राथमिक योजनाओं में शामिल भवाली–रातीघाट बाईपास का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने सड़क निर्माण की अद्यतन प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।
अधिशासी अभियंता के अनुसार, कुल 18.2 किलोमीटर लम्बे इस बाईपास में से 8 किलोमीटर सड़क पूरी तरह बनकर तैयार है और इसका डामरीकरण भी हो चुका है।
शेष 10.2 किलोमीटर में पहाड़ कटिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में कलमठ, सुरक्षात्मक दीवारों और अन्य संरचनात्मक कार्य तेज गति से चल रहे हैं।

लोक निर्माण विभाग ने बताया कि बाईपास को राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा से जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल की डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी गई है। आयुक्त रावत ने निर्माण गति बढ़ाने, कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने और समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस बाईपास के बन जाने से कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी, साथ ही पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहनों को भी सुगम यातायात मिलेगा।
आयुक्त रावत ने भवाली बाईपास को जोड़ने वाले प्रस्तावित मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि इस मोटर पुल का निर्माण अगले दो महीनों में पूरा कर लिया जाएगा और कार्य तीव्र गति से जारी है।
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान आयुक्त दीपक रावत खैरना स्थित शिव शक्ति धाम पहुंचे। यहां उन्होंने सोमवारी महाराज की गुफा में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि यह स्थल धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बेहतर सुविधाएँ विकसित की जाएँगी।

मंदिर समिति ने आपदा के दौरान मंदिर क्षेत्र को होने वाले संभावित नुकसान का मुद्दा उठाया। जिस पर आयुक्त ने सिंचाई विभाग को उचित सुरक्षात्मक कार्य करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही नई वाहन पार्किंग और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी कैंचीधाम मोनिका, अधिशासी अभियंता रत्नेश कुमार और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
