भीमताल: भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने शनिवार को जमरानी बांध परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
डॉ. बिष्ट ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे समय-समय पर परियोजना की प्रगति की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि कार्य गुणवत्ता व सुरक्षा मानकों के साथ तय समयसीमा में पूर्ण हों।
उन्होंने बताया कि 3808 करोड़ रुपये की लागत से बन रही यह परियोजना 30 जून 2029 तक पूरी होने का लक्ष्य रखती है। परियोजना के अंतर्गत पानी की दो निकासी टनल निर्माणाधीन हैं और लगभग 10 किलोमीटर लंबी झील का निर्माण होगा। जमरानी बांध के बन जाने से भीमताल ब्लॉक में पर्यटन के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा। साथ ही तराई-भाबर क्षेत्र में जल आपूर्ति भी सुदृढ़ होगी।
बैठक और निरीक्षण के दौरान ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, जमरानी बांध अध्यक्ष नवीन पलड़िया, संघर्ष समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, ग्राम प्रधान दीपा देवी सहित कई जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

