भीमताल: भीमताल ब्लॉक प्रमुख पद पर निर्वाचित डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने सोमवार को शपथ ग्रहण कर पदभार संभाल लिया। उपजिलाधिकारी नवाजिस खलिक ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख उमेश पलड़िया, कनिष्ठ उप प्रमुख रागिनी आर्या सहित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने भी शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने सभी जनप्रतिनिधियों और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि 2003 से पंचायत स्तर पर किए गए कार्य अब मील के पत्थर साबित हो रहे हैं और आगे भी विकास के नए प्रयास जारी रहेंगे।
डॉ. बिष्ट ने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर ब्लॉक में आदर्श विद्यालय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोग बच्चों को सरकारी विद्यालयों में पढ़ाने के लिए प्रेरित हों। साथ ही जीर्ण-शीर्ण भवनों और संपत्तियों के पुनर्निर्माण पर भी काम किया जाएगा।
शपथ ग्रहण के दौरान समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं, स्वर्ण कलर की गदा, तलवार और स्मृति चिन्ह भेंट किए। समारोह में पूर्व प्रमुख गीता बिष्ट, देवेंद्र ढेला, खंड विकास अधिकारी महेश्वर सिंह अधिकारी, एडीओ पंचायत भूपाल बिष्ट सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, भाजपा एवं अन्य संगठनों के पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
