भीमताल: भीमताल अब शैक्षिक दृष्टि से और समृद्ध हो गया है। वर्षों की प्रतीक्षा के बाद केंद्रीय विद्यालय को आखिरकार अपना स्थायी भवन मिल गया है। मंगलवार को सांसद अजय भट्ट ने 25.84 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस नवनिर्मित विद्यालय भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर विद्यालय के छात्रों ने स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाते हुए छोलिया नृत्य, वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर आगंतुकों का दिल जीत लिया।
दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने देशभर में बने नए केंद्रीय विद्यालय भवनों का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें भीमताल का यह स्कूल भी शामिल था। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
लोकार्पण समारोह में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि केंद्रीय विद्यालयों ने देश को कई योग्य नागरिक दिए हैं, जो आज देश-विदेश में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारत अब सिर्फ कृषि या तकनीक में ही नहीं, बल्कि अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आज की महिलाएं फाइटर जेट उड़ा रही हैं, अंतरिक्ष में जा रही हैं और यह सब शिक्षा की देन है।
उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सही दिशा देती है और यही हमें विनम्र बनाती है। जो विद्यार्थी ईमानदारी से मेहनत करता है, वही भविष्य में देश के विकास में अपनी भूमिका निभाता है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भी सराहना की, जो भारतीय परंपराओं और मूल्यों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है।
इस मौके पर भीमताल के विधायक राम सिंह कैड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष सीमा टम्टा, केंद्रीय विद्यालय देहरादून संभाग के सहायक आयुक्त सुरजीत सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजू सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सांसद ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस विद्यालय भवन से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मजबूत आधार मिलेगा।


