भीमताल। नगर पालिका परिषद भीमताल ने स्थानीय लोगों की सुविधा और समस्याओं के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 18005704848 जारी किया है। यह सेवा उन नागरिकों को ध्यान में रख कर शुरू की गई है जिन्हें सफाई, पथ प्रकाश, प्रमाण पत्र जैसी सुविधाओं और जानकारी के लिए बार-बार नगर कार्यालय जाना पड़ता था
इस पहल की मांग वर्ष 2019 में सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने तत्कालीन नगर पंचायत और शहरी विकास विभाग के सामने रखी थी। तब भीमताल की सीमा नए ग्रामीण क्षेत्रों के नगर में शामिल होने से बढ़ी थी, जिससे नागरिकों को प्रशासनिक सेवाओं के लिए अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बृजवासी ने तब प्रस्ताव दिया था कि एक टोल फ्री नंबर शुरू कर नागरिकों को सीधे सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस पहल के लिए उन्होंने चेयरमैन सीमा टम्टा, पूर्व चेयरमैन देवेंद्र सिंह चनौतिया, अधिशासी अधिकारी उदय वीर सिंह, पूर्व अधिशासी अधिकारी विजय बिष्ट, नगर पालिका और शहरी विकास विभाग का धन्यवाद किया। अब नगर पालिका ने उनकी मांग को स्वीकार कर टोल फ्री सेवा शुरू की है।
इस नंबर से नागरिक घर बैठे ही नगर पालिका की सेवाओं से जुड़ी जानकारी और शिकायतों का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। पूरन बृजवासी ने इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे लोगों का समय बचेगा और समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा।
नगर पालिका परिषद भीमताल का यह कदम जनता के प्रति प्रशासन की जिम्मेदारी और जवाबदेही का उदाहरण है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को सुविधा मिलेगी और सेवाएं अधिक सुलभ हो जाएंगी।


