भीमताल। नौकुचियाताल पर्यटन सड़क, वार्ड-3 बिलासपुर रामा ग्रुप पॉइंट से बिजरौली आईटीआई मार्ग तक पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में डूबी हुई थी। सड़क पर स्ट्रीट लाइटें बंद रहने से स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन मंगलवार को सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी की पहल और नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई से समस्या का समाधान कर दिया गया।
पूरन बृजवासी ने मंगलवार को नगर पालिका के टोल-फ्री नंबर पर सड़क की बंद स्ट्रीट लाइटों की शिकायत की। नगर पालिका ने शिकायत प्राप्त होने के मात्र चार घंटे के भीतर टीम भेजी, स्ट्रीट लाइटों की जांच की और उन्हें ठीक कर दिया। इसके बाद सड़क पर फिर से रोशनी लौट आई, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने राहत की सांस ली।
नगर पालिका की त्वरित कार्रवाई की सराहना
समस्या के समाधान के बाद पूरन बृजवासी ने नगर पालिका की तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने नगर के सभी वार्डों की जनता से अपील की कि अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए टोल-फ्री नंबर का उपयोग करें। उन्होंने कहा,
“यह सुविधा हमारी समस्याओं को जल्दी हल करने का प्रभावी माध्यम है। नागरिकों को इसका सही तरीके से उपयोग करना चाहिए ताकि प्रशासन समय पर मदद कर सके।”
स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल
सड़क पर स्ट्रीट लाइटें चालू होने से रात में आवागमन आसान हो गया है। पर्यटक भी सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इस पहल से यह संदेश गया है कि स्थानीय प्रशासन और जनता मिलकर छोटी से छोटी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।
