भीमताल: भीमताल में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नैनीताल पुलिस ने एक महिला से छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर की रात दो बाइक सवार युवकों ने एक महिला के साथ छेड़छाड़ की, गाली–गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा उसे जबरन उठाने की कोशिश की। घटना के अगले दिन, 20 नवंबर को पीड़िता ने पुलिस थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष संजीत राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर तेजी से दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रेम सिंह मेहता और धर्मेन्द्र, दोनों निवासी नौकुचियाताल, के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों को आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। नैनीताल पुलिस ने साफ कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
