रामनगर: सोमवार को नैनीताल जिले के रामनगर में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भोजन माताएं सड़कों पर उतर आईं। भोजन माता संगठन के बैनर तले बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्र हुईं और प्रदेश सरकार पर उपेक्षा व शोषण के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान भोजन माताओं ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इससे पहले लखनपुर स्थित सिटी पार्क में संगठन की बैठक आयोजित की गई, जहां पदाधिकारियों और सदस्यों ने सरकार की नीतियों के प्रति नाराजगी जताई।
बैठक के बाद भोजन माताएं जुलूस के रूप में लखनपुर से तहसील परिसर तक पहुंचीं और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन की अध्यक्ष शारदा देवी ने कहा कि प्रदेशभर में भोजन माता संगठन लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। कई बार मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि भोजन माताओं को चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए और बच्चों की संख्या कम होने के नाम पर हटाई गई भोजन माताओं को फिर से कार्य पर रखा जाए। साथ ही स्कूलों में बाहर से भोजन मंगाने की व्यवस्था बंद कर भोजन बनाने का काम भोजन माताओं को ही सौंपने की मांग की गई।
इसके अलावा संगठन ने घोषित 5000 रुपये न्यूनतम मानदेय को तत्काल लागू करने और 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने की मांग उठाई। शारदा देवी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाई तो भोजन माताएं अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
