उत्तराखंड: देहरादून जिले के दूरस्थ त्यूणी थाना क्षेत्र से सटे सवाली क्यारी (उत्तरकाशी) में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। टोंस नदी पर बनी झूला गरारी से अपने गांव लौट रही 16 वर्षीय किशोरी शबीना पुत्री यासीन नदी में गिर गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की, लेकिन अभी तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय निवासी वीरेन्द्र रावत ने थाना त्यूणी पुलिस को सूचित किया कि एक किशोरी टोंस नदी में गिर गई है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में गिरे किशोरी की तलाश शुरू की। घंटों की खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
थाना त्यूणी के प्रभारी विनय मित्तल ने बताया कि मेंद्रथ और हनोल के बीच उत्तरकाशी के सवाली क्यारी क्षेत्र में टोंस नदी पर लगी झूला गरारी से शबीना (16) अपने गांव बंखवाड़ जा रही थी। इसी दौरान उसका बैलेंस बिगड़ गया और वह नदी में गिर पड़ी। इस समय उसकी बहन भी साथ में थी, जो हादसे में बाल-बाल बच गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सवाली क्यारी में टोंस नदी पर बनी यह झूला गरारी वर्षों से लोगों के लिए आवागमन का एकमात्र रास्ता है। यह रास्ता जोखिम भरा होने के बावजूद मजबूरी में इस्तेमाल किया जाता है। रोजाना देहरादून जिले के गांवों से उत्तरकाशी के गांवों में आने-जाने वाले ग्रामीण इसी गरारी से नदी पार करते हैं। हादसों की घटनाएँ पहले भी हो चुकी हैं, परंतु वैकल्पिक रास्ते न होने के कारण लोग इसी जोखिम भरे मार्ग का सहारा लेते हैं। इस बार फिर एक परिवार की खुशियाँ छिन गईं और पूरे क्षेत्र में शोक छा गया है।
