किच्छा में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सितारगंज रोड पर गलत दिशा से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने नेपाल जा रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में नेपाल मूल की 40 वर्षीय जयंती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। दिल्ली से कार में सवार चार लोग नेपाल के लिए रवाना हुए थे, लेकिन किच्छा पहुंचते ही सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार को टक्कर मार दी। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
