रामनगर-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा
रामनगर: नैनीताल जिले के रामनगर-हल्द्वानी मोटर मार्ग पर आज शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कालाढूंगी थाना क्षेत्र धमोला में सवारियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जाकर पलटी. इस हादसे में 6 से 7 यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है. और कई अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं.
जानकारी के अनुसार, बस रामनगर से हल्द्वानी की ओर जा रही थी. बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे, और कुछ यात्री खड़े होकर भी यात्रा कर रहे थे.
इसी बीच धमोला के पास बस के आगे चल रही कार ने कुत्ते को बचाने के लिए में इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए. और पीछे चल रही बस के चालक ने भी कार को बचाने के लिए एकदम ब्रेक लगाए थे।
लेकिन बस की रफ्तार तेज होने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खेत में पलट गई.
हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला व पुलिस को सूचना दी.
सूचना पाकर कालाढूंगी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से कालाढूंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया है, जहां उनका उपचार जारी है.
