हल्द्वानी: पंचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इस मामले में ललित मोहन रयाल ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 के तहत ए पी वाजपेयी को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए 15 दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
डीएम ने निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल की जाए और यह भी देखा जाए कि कहीं किसी की लापरवाही या यातायात नियमों का उल्लंघन तो कारण नहीं बना। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सीसीटीवी फुटेज, पंचनामा और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित सभी साक्ष्य तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मजिस्ट्रियल जांच के क्रम में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने आम लोगों से अपील की है कि घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी या साक्ष्य हो तो 15 दिन के भीतर उनके कार्यालय में जमा कराएं, ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी की जा सके।
हादसे के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने ट्रैफिक पुलिस, USDDA और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पंचक्की से चौफला और दो नहरिया क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए कि—
निर्माण कार्य में ट्रेंचलेस तकनीक अपनाई जाए
जहां गड्ढे खोदे जाएं वहां सड़क को ट्रैफिक के लिए चौड़ा किया जाए
सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, यातायात निरीक्षक महेश चंद्रा और सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता विजय जोशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
