हल्द्वानी: तहसील क्षेत्र में फर्जी निवास प्रमाण पत्रों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जांच के दौरान अब तक 115 निवास प्रमाण पत्रों को अवैध घोषित करते हुए निरस्त कर दिया गया है। उप जिला अधिकारी राहुल शाह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में जारी किए गए निवास प्रमाण पत्रों की क्रमवार जांच की जा रही है, ताकि फर्जी तरीके से तैयार किए गए दस्तावेजों को चिन्हित किया जा सके।
एसडीएम राहुल शाह के अनुसार चल रहे सत्यापन अभियान के तहत मंगलवार को ही 25 निवास प्रमाण पत्र निरस्त किए गए हैं। अब तक करीब 2000 प्रमाण पत्रों की स्कैनिंग और जांच पूरी की जा चुकी है, जिसमें 115 प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए। सभी निरस्त प्रमाण पत्रों को रिकॉर्ड से हटाने की कार्रवाई कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जांच पूरी होने तक किसी को राहत नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने साफ किया है कि सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का गलत लाभ उठाने के लिए फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तहसील क्षेत्र में चल रही इस कार्रवाई से दस्तावेजों के फर्जीवाड़े को लेकर हड़कंप मचा हुआ है।
