हल्द्वानी में 25,500 की घूस लेते फॉरेस्टर रंगे हाथ पकड़ा.
हल्द्वानी: भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने वन विभाग में तैनात एक कर्मचारी को घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने काम से जुड़े भुगतान और पंजीकरण नवीनीकरण के नाम पर शिकायतकर्ता से 25,500 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
जानकारी के मुताबिक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में दर्ज शिकायत के आधार पर टीम ने पूरी योजना के साथ कार्रवाई की। जागेश्वर स्थित वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तैनात बाबू/फॉरेस्टर नवीन नौटियाल को शिकायतकर्ता जय प्रकाश से लीसा गडान-ढुलान कार्य के पंजीकरण नवीनीकरण और लंबित भुगतान कराने के एवज में रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया।
विजिलेंस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, जांच के दौरान एक अन्य नाम भी सामने आया है, जो जागेश्वर रेंज, सिविल सोयम वन प्रभाग अल्मोड़ा से जुड़े वन क्षेत्राधिकारी का है। उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है। सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
