हल्द्वानी: दीपावली पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा पर सख्ती दिखाते हुए प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मिलावटी खाद्य उत्पाद बनाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह और तहसीलदार कुलदीप पांडे की अगुवाई में छापेमारी अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने चार अवैध फैक्ट्रियों को चिन्हित कर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। इनमें एक फैक्ट्री अब्दुल्ला बिल्डिंग में, दो गांधी नगर में और एक बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के पीछे संचालित पाई गईं। अधिकारियों ने बताया कि इन फैक्ट्रियों में गंदगी भरे और अस्वच्छ माहौल में खील, बताशे और बच्चों के खिलौने बनाए जा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में उत्पादों में जहरीले रासायनिक तत्वों के प्रयोग की संभावना जताई गई है। टीम को छापेमारी के दौरान “हाइड्रो” नामक पदार्थ भी मिला, जिसे खाद्य सामग्री में उपयोग के लिए अनुपयुक्त बताया गया है। हालांकि फैक्ट्री संचालक ने दावा किया कि यह पदार्थ केवल चाशनी को साफ करने के लिए उपयोग किया जाता है।
प्रशासन ने फूड एंड सेफ्टी विभाग को सभी नमूनों की लैब जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई तय की जाएगी। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी या अवैध उत्पादन में लिप्त पाए जाने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
